गुरु श्री तेग बहादुर सिंह – ये केवल एक नाम नहीं, एक परिभाषा है बलिदान की, कर्तव्य पारायणता की, साहस की, धैर्य की, त्याग की और धर्मसंरक्षण की। गुरु श्री तेग बहादुर सिंह वह ‘धर्मसूर्य’ हैं, जिन्होंने मुग़ल कालीन अंधकार युग में जन्म तो लिया, परन्तु अपना परम बलिदान दे कर जाते जाते उस अंधकार में धर्म का सूर्य बनकर फिर से उदित हो गए।
350 वर्ष पूर्व, जो बलिदान गुरु श्री तेग बहादुर सिंह जी ने दिया, उसने समूचे भारत की तस्वीर और तक़दीर, दोनों बदल दी। जरा सोचिए यदि गुरु तेग बहादुर सिंह जी ने अपने प्राणों की आहुति न दी होती तो आज देश का परिदृश्य कैसा होता ?
यदि गुरु श्री तेग बहादुर सिंह जी न होते, तो कश्मीर की वैदिक–शैव परंपरा का अस्तित्व समाप्त हो गया होता। संस्कृत, शास्त्र, और सनातन संस्कृति कश्मीर से मिट चुकी होती, और आने वाली पीढ़ियाँ अपनी पहचान खो चुकी होती।
कश्मीर के साथ साथ, समस्त भारत भी अपनी पहचान खो चुका होता, आज भारत का कुछ और ही रूप होता। उन्होंने समूची मानवता के लिए अपना शीश न्योछावर कर दिया। आज भी जब हम स्वतंत्रता, सहिष्णुता और आस्था की बात करते हैं — तो उस नींव में गुरु श्री तेग बहादुर सिंह जी का रक्त, त्याग, बलिदान और दिव्यता धड़कती है।
जब जब धर्म की हानि हुई है, तब तब ईश्वर ने किसी न किसी रूप में आकर, धर्म की रक्षा और पीड़ितों का उद्धार किया है। कभी बल से, कभी त्याग से, कभी ज्ञान से, कभी भक्ति से और कभी बलिदान से।
भारत के इतिहास में असंख्य संत, ऋषि और महापुरुष हुए जिन्होंने सत्य, धर्म और मानवता की रक्षा के लिए समय समय पर अपना जीवन समर्पित किया। परंतु जो स्थान गुरु श्री तेग बहादुर जी को प्राप्त है, वह अनोखा है — उन्होंने सनातन धर्म की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी, अपना शीश कटवाया। अपने इस बलिदान के लिए उन्हें “हिंद की चादर” का नाम दिया गया। यानी वह चादर जिसने पूरे हिंदुस्तान को ढक कर उसकी अस्मिता को बचाया।
सत्रहवीं शताब्दी के उत्तरार्ध में कश्मीर का दृश्य बड़ा भयावह था। औरंगज़ेब के आदेशों पर वहाँ के राज्यपाल इफ्तेखार खान ने कश्मीरी पंडितों पर जबरन धर्म परिवर्तन का अभियान शुरू कर दिया था। मंदिर तोड़े जा रहे थे, वेद, पुराणों, इतिहासों और अन्य धर्म ग्रंथों की प्रतियाँ जलायी जा रही थीं, और हिंदुओं को तलवार की नोक पर इस्लाम स्वीकार कराया जा रहा था। असंख्य लोगों की हत्या की गई। लाखों कश्मीरी पंडितों का जबरन धर्म भ्रष्ट कर इस्लाम अपनाने पर मजबूर किया गया। जो लोग बच गए, उन्होंने अपनी अस्मिता और धर्म की रक्षा के लिए, कश्मीर से पलायन का रास्ता अपना लिया। यह परिस्थिति, केवल एक धार्मिक संकट नहीं था, बल्कि सभ्यता और अस्तित्व का प्रश्न बन चुकी थी।
निराशा और हताशा से कश्मीरी हिंदुओं का मन व्याकुल था। वे अपनी आंखों के सामने ही अपनी अस्मिता लुटते देख रहे थे। अपनी पहचान, अपनी संस्कृति, अपना धर्म, अपने संस्कार, सब अंधकार के गर्त में जरहे थे। सब नष्ट हो रहा था। ऐसे में उन्हें अब केवल एक अंतिम उम्मीद नज़र आई – गुरु श्री तेग बहादुर सिंह जी।
सत्य है – अंधकार से केवल गुरु ही बाहर निकाल सकता है। इसलिए मन में आशा की एक छोटी से किरण लेकर, आख़िरकार लगभग पाँच सौ कश्मीरी पंडितों का एक दल, धर्म की रक्षा के लिए मार्गदर्शन खोजता हुआ आनंदपुर साहिब पहुँचा — गुरु श्री तेग बहादुर जी के आश्रम में। पंडित कृपा राम दत्त के नेतृत्व में, कश्मीरी ब्राह्मणों ने गुरु श्री तेग बहादुर जी से धर्म की रक्षा की गुहार लगाई। उन्होंने गुरु जी के चरणों में गिरकर कहा – “गुरुदेव, अब हमारा धर्म और हमारी लाज केवल आप के हाथों में है। हमारे धर्म की रक्षा कीजिए। यदि आप हमारी रक्षा नहीं करेंगे, तो सनातन की ज्योति बुझ जाएगी।”
गुरु श्री तेग बहादुर जी ने उनकी आंसुओं से भरी आँखों की ओर देखा और कहा — “यदि किसी एक के बलिदान से सबका धर्म बच सकता है, तो यह परम कर्तव्य होगा।”
उस समय उनके पुत्र, बालक गोविंद राय (भविष्य के गुरु गोविंद सिंह जी) वहाँ उपस्थित थे।
गुरु जी ने उनसे पूछा — “बेटा, बताओ अब ऐसा कौन है जो इस अत्याचार के विरुद्ध खड़ा हो सकता है?”
गोविंद राय ने निर्भीक स्वर में उत्तर दिया — “पिताजी, आपसे बढ़कर और कौन?”
यही क्षण था जब गुरु श्री तेग बहादुर जी ने निश्चय कर लिया कि वे कश्मीरी पंडितों के धर्म और अधिकार की रक्षा हेतु स्वयं आगे बढ़ेंगे।
गुरु जी ने आनंदपुर में अपने अनुयायियों को तैयार किया और अपने तीन निकटतम साथियों — भाई मतीदास जी, भाई सतीदास जी और भाई दयाला जी — के साथ दिल्ली की ओर प्रस्थान किया।
यह यात्रा किसी राजनीतिक प्रतिरोध के लिए नहीं, बल्कि आध्यात्मिक और नैतिक संवाद के लिए थी। गुरु जी का उद्देश्य स्पष्ट था — सत्ता के सिंहासन को सत्य का दर्पण दिखाना।
जब वे दिल्ली पहुँचे, तो उनकी चर्चा पूरे शहर में फैल गई। मुगल अधिकारियों को पता चला कि यह वही व्यक्ति हैं जिन्हें कश्मीरी पंडित “अपने धर्म की ढाल” कह रहे हैं।
ऐसे में औरंगज़ेब ने सोचा, “यदि यह व्यक्ति इस्लाम स्वीकार कर ले, तो देश के सारे हिंदुओं को इस्लाम की राह पे लाना आसान हो जाएगा।”
गुरु श्री तेग बहादुर जी को गिरफ्तार कर लिया गया और चांदनी चौक के पास कोतवाली में कैद कर दिया गया। उनसे बार-बार कहा गया — “तुम इस्लाम स्वीकार कर लो, तुम्हें जीवन मिलेगा, सम्मान मिलेगा।”
गुरु जी का उत्तर सदा एक ही रहा — “धर्म तलवार से नहीं, आत्मबल से जीवित रहता है। यदि धर्म की रक्षा के लिए मुझे अपना शीश भी देना पड़े, तो यह मेरा सौभाग्य होगा।”
गुरुजी के धैर्य को तोड़ने के लिए, उनके साथियों पर अमानवीय अत्याचार किए गए — भाई मतीदास जी को आरे से दो भागों में चीर दिया गया, भाई दयाला जी को उबलते पानी में डाल दिया गया, और भाई सतीदास जी को रुई में लपेटकर जला दिया गया।
इन सबके बीच गुरु जी शांत रहे, अपने धर्म पर अडिग रहे, और ध्यानमग्न होकर ईश्वर से प्रार्थना करते रहे।
अंततः 24 नवंबर 1675 को चांदनी चौक में खुले आम उनका शीश काट दिया गया। उन्हे शीश कटवाना स्वीकार था, परन्तु, शीश झुकाना स्वीकार न था। गुरु जी ने अपना शीश कटवाकर धर्म की रक्षा की।
ये केवल एक बलिदान नहीं, बल्कि एक बहुत बड़ी एतिहासिक घटना थी। गुरु तेग बहादुर जी ने जो किया, वह किसी भी संप्रदाय की सीमाओं से परे था। उन्होंने यह दिखाया कि धर्म केवल अपने लिए नहीं, दूसरों की रक्षा के लिए भी होता है।
उनका बलिदान केवल कश्मीरी पंडितों के लिए नहीं था, बल्कि पूरे भारत के लिए एक चेतना का विस्फोट था। यह वह क्षण था जब पंजाब के साथ साथ समूचे उत्तर भारत में स्वाभिमान की ज्वाला भड़क उठी।
उनके बलिदान के बाद औरंगज़ेब का “जबरन धर्म परिवर्तन अभियान” कुछ ठहर सा गया। औरंगज़ेब को ये डर सताने लगा कि अगर वो धर्म परिवर्तन का अभयान ऐसे ही जारी रखेगा तो कहीं लोग विद्रोह न कर दें। मजबूर होकर, औरंगज़ेब को ‘जबरन धर्म परिवर्तन का अभियान’ कुछ समय के लिए रोकना पढ़ा।
कश्मीर में भी तत्काल भय का वातावरण कुछ हद तक शांत हुआ। ये कश्मीर के अस्तित्व का पुनर्जन्म था। कश्मीर में सनातन के पुनर्जागरण की आशा जीवित थी। कश्मीरी पंडितों के लिए यह घटना केवल एक “शहीदी” नहीं थी — यह उनकी पहचान, उनकी संस्कृति, उनके धर्म के जीवित रहने की आशा थी। यह बलिदान से पुनर उत्थान की गाथा है।
इसी बलिदान की प्रेरणा से गुरु गोविंद सिंह जी ने आगे चलकर खालसा पंथ की स्थापना की — एक ऐसा पंथ जो धर्म, न्याय और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए बना।
यह बलिदान भारत की आत्मा को यह संदेश दे गया कि “धर्म की रक्षा के लिए यदि प्राणों की आहुति भी देनी पढ़े, तो उसमें भी किंचित संकोच ना हो।”
आज जब हम धार्मिक स्वतंत्रता, सहिष्णुता और मानवाधिकारों की बात करते हैं, तो हमें याद रखना चाहिए कि इन मूल्यों की जड़ें हमारे संतों और गुरुओं के बलिदान में हैं।
गुरु श्री तेग बहादुर सिंह जी का बलिदान भारत के संविधान की आत्मा में समाया हुआ है — “हर व्यक्ति को अपनी आस्था चुनने की स्वतंत्रता।”
उनका संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है —“धर्म का अर्थ है दूसरों की आस्था का सम्मान करना। सच्चा बलिदान वह है जिसमें स्वयं का नहीं, दूसरों का हित छिपा हो। और राष्ट्र की एकता तभी संभव है जब हम एक-दूसरे के विश्वास की रक्षा करें।”
गुरु श्री तेग बहादुर सिंह जी ने अपना शीश कटाया, परन्तु धर्म को झुकने नहीं दिया। उनके बलिदान ने कश्मीर को नया जीवन दिया, पंजाब को साहस दिया, और भारत को आत्मगौरव दिया।
यही कारण है कि श्री गुरु तेग बहादुर सिंह जी सदा-सर्वदा “हिंद की चादर” कहलाए — वह चादर जिसने कश्मीर से कन्याकुमारी तक सनातन की लाज बचाई।
कश्मीरी पंडित आज भी उन्हें, “धर्म रक्षक”, और “संस्कृति के उद्धारक” के रूप में पूजते हैं। आज भी जब कोई कश्मीरी पंडित “हर हर महादेव” या “ॐ नमः शिवाय” का जयघोष करता है, तो वह गुरुजी के उस बलिदान को ही नमन करता है जिसने आजतक उसकी आत्मा को जीवित रखा है।
गुरु श्री तेग बहादुर सिंह जी के इस अतुलनिय बलिदान का उल्लेख “गुरु प्रताप सूरज ग्रंथ” में मिलता है। यह सिख इतिहास का एक विस्तृत और सबसे मान्य ग्रंथ है। इस ग्रंथ की रचना भाई सनतोख सिंह ने 1843 ई. में किया। इसके अलावा इसका उल्लेख “गुरु गोबिन्द सिंह जी” द्वारा लिखे “बचित्तर नाटक – दशम ग्रंथ” में भी मिलता है। इसमें गुरु गोविंद सिंह जी ने स्वयं अपने पिता, गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान का उल्लेख किया है।
दिल्ली के चांदनी चौक में जहाँ गुरु जी का शीश काटा गया था, वहीँ आज उनकी स्मृति में “गुरुद्वारा शीश गंज साहिब” स्थित है। ये पवित्र स्थान समस्त मानव जाति के लिए पूजनीय है। ये सदैव मानव जाति को उस महान आत्मा, उस महान बलिदान की याद दिलाता रहेगा, जिस बलिदान ने सनातन धर्म को पुनर्जीवन दिया।
मेरे इस लेख का संकलित रूप “दक्षिण भारत राष्ट्रमत” हिन्दी दैनिक अखबार के कर्नाटक और तमिलनाडु के अंक मे 24-11-2025, (24 नवंबर 2025) को प्रकाशित हो चुका है।


